बस्ती: किशोरों के टीकाकरण को अलग बनेगा बूथ, 15-18 साल वालों का होगा कोविड टीकाकरण

 किशोरों के टीकाकरण को अलग बनेगा बूथ

- 15-18 साल वालों का होगा कोविड टीकाकरण

- टीका लगवाने के लिए दिखाना होगा पहचान पत्र

बस्ती। कोविड टीकाकरण के अभियान में अब किशोरों को टीकाकरण का अवसर मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15-18 साल वाले किशोरों को पहला डोज, 60 साल वाले कोमार्बिड, हेल्थ व फ्रंट लाइन वर्कर्स को प्रिकाशन डोज लगाए जाने की घोषणा की थी। स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण के लिए तैयारी शुरू कर दी है। 

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एफ हुसैन ने बताया कि जिले में लगभग तीन लाख किशोर का टीकाकरण किया जाना है। 

उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर इनके लिए अलग से बूथ संचालित किया जाएगा, जहां पर केवल 15-18 साल आयु वर्ग के लोगों का पंजीकरण कर टीकाकरण किया जाएगा। सभी को देश में बना टीका ‘कोवैक्सीन’ लगाया जाएगा। डोज की मात्रा शासन की गाइड लाइन के अनुसार ही तय की जाएगी। तीन जनवरी से टीकाकरण कार्यक्रम प्रस्तावित है। इससे पहले सभी तैयारियों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

डॉ. हुसैन ने बताया कि पूर्व की तरह कोविन पोर्टल पर ऑनलाइन या ऑनसाइट पंजीकरण किया जाएगा। इसके लिए लाभार्थी को आधार आदि मान्य पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। जिन लोगों को टीका लगना है, उन्हें चाहिए कि वह अपना आधार आदि अपडेट कर लें, जिससे टीकाकरण में उन्हें कोई समस्या न हो। 

तीसरी लहर में किशोर टीकाकरण है महत्वपूर्ण

डॉ. हुसैन ने बताया कि तीसरी लहर व ओमीक्रोन की चुनौती को देखते हुए बच्चों का कोविड टीकाकरण बहुत जरूरी हो गया है। तीसरी लहर में सबसे ज्यादा बच्चों के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है, ऐसे में अगर बच्चों को प्रतिरक्षित कर दिया जाए तो कोरोना के फैलने की आशंका कम हो जाएगी। टीकाकरण के बाद जिन लोगों को संक्रमण हो भी रहा है, उसका असर कम होता है, या मालूम ही नहीं हो रहा है। सभी अभिभावकों को चाहिए कि वह किसी तरह का संकोच व डर त्याग कर 15 साल की उम्र वाले बच्चों को टीका जरूर लगवाएं। 


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.