रिहैब प्लस बाल गुरुकुल सुरतीहट्टा में मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव
(आनंदधर द्विवेदी)
बस्ती। रिहैब प्लस बाल गुरुकुल सुरतीहट्टा में गुरुवार को धूमधाम से हनुमान जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर संचित विकास संस्थान के डायरेक्टर नरसिंह नारायण ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए अपनी आस्था की अभिव्यक्ति किया, इसी कड़ी में संस्था की विशेष सहयोगी शिक्षिका अनीता वर्मा ने हनुमान जी के आराध्य सियाराम और अग्रपूजा के अधिकारी एवं शुभ के देवता श्री गणेश जी की प्रार्थना , स्तुति एवं आराधना करते हुए अपनी आस्था को एक नया आयाम दिया, इसी क्रम में संस्था की निर्देशिका नीलम मिश्रा ने सुंदरकांड का पाठ करते हुए सभी दिव्यांग बच्चों को जोड़ा साथ ही साथ संगीतमय धुन संपुट गुरु गृह गए पढ़न रघुराई, अल्प काल विद्या सब पाईll के माध्यम से सभी बच्चे जयकारा लगाते रहे। अंत में सभी लोगों ने हनुमान जी की आरती करते हुए प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर संजू गुप्ता, राकेश गुप्ता, शशिबाला गुप्ता, संगीता यादव, राकेश वर्मा, आशीष अरोरा एवं सुमित राजपाल,दीपक, मोहित, अवंतिका, माधुरी,आयुष, आर्य नंदिनी,कविता, ईशा, कुसुम आदि लोग उपस्थित रहे।

