सुप्रीम कोर्ट पहुंचा सहारा के जमाकर्ताओं का मामलाः जनहित याचिका दायर
बस्ती। सहारा के जमाकर्ताओं को उनके अरबो रूपयों की राशि वापस दिलाने के लिये निरन्तर संघर्ष कर रहा संयुक्त ऑल इण्डिया जन आन्दोलन संघर्ष मोर्चा ने सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय देव शुक्ल ने मंगलवार को यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि निरन्तर संघर्ष और गृह मंत्री द्वारा आश्वासन दिये जाने के बावजूद सहारा जमाकर्ताओं की स्थिति पूर्ववत बनी हुई है। बताया कि जमाकर्ताओं ने केन्द्र सरकार के दिशा निर्देश के अनुरूप सम्बंधित पोर्टल पर अपना विवरण भी जमा किया, उम्मीद जगी थी कि शायद धनराशि मिल जाय किन्तु अभी तक सारा मामला राजनीति की भेंट चढ गया। इन स्थितियों को देखते हुये सहारा जमाकर्ताओं को न्याय दिलाने के लिये सर्वोच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की गई है। आगामी 5 दिसम्बर को सुनवाई के लिये तारीख नियत की गई है।
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय देव शुक्ल ने बताया कि जनहित याचिका में सहारा के साथ 17 सम्बंधित संस्थाओं, मंत्रालयों और उससे जुड़े अधिकारियों को पार्टी बनाया गया है।

