किसानों की 16 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन में प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की वर्तमान राशि के अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा भी किसानों को प्रतिवर्ष ₹6,000 की सहायता देने, गांवों में बूथ लगाकर फार्मर रजिस्ट्री कराने, निजी नलकूपों के विद्युत कनेक्शन एवं बिजली शुल्क में राहत देने तथा किसानों को पर्याप्त मात्रा में उचित दर पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग की गई।
किसान संघ ने भूमि अधिग्रहण किसानों की सहमति से तत्कालीन सर्किल रेट के आधार पर किए जाने, खेतों की मिट्टी निकालने पर लगे प्रतिबंध को सरल करने, छुट्टा पशुओं एवं जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए बाड़ लगाने हेतु सरकारी अनुदान देने तथा गन्ना तौल केंद्रों को बिचौलियों से मुक्त कर घटतौली रोकने की मांग उठाई।
गेहूं एवं धान क्रय केंद्रों पर नमी और घटतौली के नाम पर अनाज की कटौती बंद करने, बंद समितियों को सुचारू रूप से संचालित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के लिए रात्रिकालीन बिजली कटौती कम करने तथा फसल अवशेषों को जैविक रूप में परिवर्तित करने के लिए किसानों को अनुदान देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
इसके अलावा किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने, ग्राम सचिवालय में पंचायत सचिव, लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक की मासिक बैठक सुनिश्चित करने, नहरों में समय से पानी उपलब्ध कराने तथा पानी से फसल खराब होने पर उचित मुआवजा देने की मांग की गई।
भारतीय किसान संघ ने बंद पड़ी सहकारी समितियों को खुलवाने, जैविक खेती को बढ़ावा देने, बंद पड़े नलकूपों को ठीक कराने, बंद गन्ना मिलों को चालू कराने का प्रयास करने, किसानों के आयुष्मान कार्ड में कम से कम तीन से चार सदस्यों को शामिल करने तथा किसानों की फसलों का लागत मूल्य नहीं बल्कि लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से उठाई।
इस अवसर पर प्रांत अध्यक्ष रणजीत सिंह, प्रांत मंत्री ओम प्रकाश, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य डॉ. चक्रधर द्विवेदी, जिला अध्यक्ष जवाहर लाल वर्मा, जिला मंत्री यशोदानंद पांडे, जिला प्रचार प्रमुख रविशंकर शुक्ल, जिला कोषाध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, जिला कार्यकारी सदस्य कौशलेंद्र मोहन पांडे, जिला उपाध्यक्ष राणा संजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह, जिला कार्यकारी सदस्य दुर्गेश सिंह, सांऊघाट ब्लॉक अध्यक्ष बाल्मीक शुक्ला, ब्लॉक उपाध्यक्ष दिवाकर चौधरी, गौर ब्लॉक मंत्री विनोद कुमार शुक्ला, दुबौलिया बाजार ब्लॉक मंत्री राजेश मिश्रा, सांऊघाट ब्लॉक मंत्री अमरजीत, कुदरहा ब्लॉक मंत्री हरिप्रसाद द्विवेदी, बहादुरपुर ब्लॉक मंत्री बृजेश पांडे सहित सैकड़ों की संख्या में किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


