कप्तानगंज बाजार में सड़क किनारे बना नाला हुआ जाम, सड़क पर बह रहा गंदा पानी
बस्ती। कप्तानगंज बाजार में नाला जाम होने के कारण सड़क पर गंदा पानी जमा होने की समस्या लाइलाज हो चुकी है। नगर पंचायत के अधिकारी और जिला प्रशासन इस समस्या का समाधान करवाने में असफल रहे हैं, जबकि जहां सड़क पर पानी बह रहा है, यह जगह ठीक नगर पंचायत कार्यालय के सामने है, लेकिन इस ओर किसी भी अधिकारी का ध्यान नहीं जा रहा है। कुछ दिन पहले थोड़ी बहुत नाले की सफाई की गयी थी। इसके बावजूद यह समस्या जैसे के तैसे ही बनी हुई है। मार्केट में दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण उनकी दुकानदारी खराब हो रही है। दुकानों के आगे गंदा पानी होने के कारण ग्राहक दुकान में आने से कतराता है, यहां तक कि जब कोई तेज रफ्तार गाड़ी पानी में होकर गुजरती है तो नाले का गंदा पानी उनके घरों में भी चला जाता है। उन्होंने कई बार अधिकारियों को समस्या संबंधी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाजार के लोगों ने बताया कि नाला जाम रहने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे दुकानदारों को भी नुकसान हो रहा है। पूरे बजार का गंदा पानी इस नाले से हो कर बहता है। लेकिन साफ-सफाई नहीं होने के कारण नाला पूरी तरह जाम हो चुका है। यहीं नहीं नाला जाम होने के कारण बदबू से भी लोग परेशान होते हैं। जिस कारण दुकान के अंदर बैठना मुश्किल हो जाता है। इस मार्ग पर कई दुकानें खाने पीने के सामान की हैं, लेकिन दुकानों के बाहर गंदा पानी खड़ा होने के कारण कोई भी ग्राहक खाने पीने के लिए दुकान में नहीं आता। रोजाना नाला ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है. जिस वजह से बीमारी व महामारी के फैलने की आशंका है, कस्बे के लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन तथा जिला प्रशासन से इस समस्या का जल्द से जल्द हल करने की मांग की है।

