श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ एवं विजय यात्रा की तैयारियों पर विशेश्वरगंज में मंथन
आनन्द धर द्विवेदी
दुबौलिया। राष्ट्र संत ब्रह्मलीन अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि (12 सितंबर) के अवसर पर प्रस्तावित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ एवं विजय यात्रा को लेकर दुबौलिया विकासखंड के विशेश्वरगंज स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर परिसर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिंदू समाज के धार्मिक जागरण, एकजुटता और प्रस्तावित यात्रा को व्यापक स्वरूप देने को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में “कन्हैया और नंदी कब तक रहेंगे बंदी?” जैसे नारों के माध्यम से श्रीकृष्ण जन्मभूमि एवं धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए समाज को जागरूक और संगठित होकर अपनी आवाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से उठानी चाहिए।
यात्रा को सफल बनाने का आह्वान
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गौ रक्षा अंकित कुमार उपाध्याय ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम को अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में वशिष्ठ मुनि दुबे जिला अध्यक्ष गौ रक्षा, राजेश पांडेय जिला उपाध्यक्ष, महंत पंडित विजय तिवारी मृदुल जी महाराज जिला सलाहकार, राहुल अजय शास्त्री तहसील अध्यक्ष, रामकुमार तिवारी जिला मंत्री , हनुमत तिवारी कोषाध्यक्ष तथा जगदंबा यादव जिला मंत्री सहित संगठन से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने धार्मिक जागरण और सामाजिक एकजुटता के उद्देश्य से प्रस्तावित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ एवं विजय यात्रा को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

