आशा बहुओं और संगिनियों ने उठाई स्थायी नियुक्ति व वेतन वृद्धि की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
बस्ती। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने वाली आशा बहुओं एवं संगिनियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिलाधिकारी बस्ती को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में आशा कार्यकर्ताओं ने स्वयं को स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ बताते हुए स्थायी कर्मचारी का दर्जा, सम्मानजनक वेतन तथा आयुष्मान कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि आशा बहुओं ने पोलियो उन्मूलन, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने से लेकर कोरोना महामारी जैसे कठिन समय में भी अग्रिम पंक्ति में रहकर कार्य किया। इसके बावजूद उन्हें आज भी स्थायी सेवा और पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। आशा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सभी का आयुष्मान कार्ड बनवाने के बावजूद स्वयं कई आशा बहनें इस सुविधा से वंचित हैं, जिससे गंभीर बीमारियों के उपचार में कठिनाई हो रही है।
उन्होंने संगिनियों को ₹30 हजार तथा आशा बहुओं को ₹24 हजार मासिक मानदेय देने, स्थायी नियुक्ति करने और सभी का अनिवार्य रूप से आयुष्मान कार्ड बनवाने की मांग की। चेतावनी दी गई कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय न होने पर संगठन आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होगा।
इस दौरान शैलेंद्री श्रीवास्तव, किरन वर्मा,अर्चना, शारदा देवी ,फुलवास, नीलम देवी ,इंद्रावती, इसरावती चौधरी, मालती देवी किसमती, शीला वर्मा, सुमन उपाध्याय, सुनीता देवी, मिसलावती, संदीपा, रेखा देवी, कुसुम लता, रामशीला, संगीता, शीला वर्मा, साधना सिंह, मीरा सिंह, सुधा सिंह सहित बड़ी संख्या में आशा बहु और संगिनी उपस्थित रहीं।

