बस्ती:अलाव तापते समय आग से झुलसने पर विवाहिता की मौत

बस्ती:अलाव तापते समय आग से झुलसने पर विवाहिता की मौत



यूपी, बस्ती। जिले मे पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र के सोनहटी बुजुर्ग गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस कर मौत हो गई। ससुराली अलाव तापते वक्त आग से झुलसने की बात बता रहे हैं। जबकि मायके पक्ष ने दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। सूचना पाकर सीओ, तहसीलदार के साथ थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। पुलिस शव को कब्जे में लेकर घटना की छानबीन कर रही है।

वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के बभनगावां की रहने वाली 24 वर्षीय सुनीता की शादी चार साल पहले पुरानी बस्ती के सोनहटी बुजुर्ग निवासी दीपक विश्वकर्मा के साथ हुई थी। दोनों का नौ माह का बेटा है। सुनीता का पति दीपक हैदराबाद में काम करता है। छह माह पहले वह गांव से गया था। सुनीता सास-ससुर व तीन देवरों के साथ गांव में रह रही थी। बताया जा रहा है कि बुधवार को वह घर पर अकेली थी। ससुर व अन्य काम से बाहर गए थे, जबकि सास गांव में ही एक व्यक्ति की मौत की सूचना पर संबंधित के घर गई थी। ससुरालियों के अनुसार बुधवार की शाम अलाव तापते वक्त सुनीता की साड़ी में आग लग गई। पड़ोसियों की सूचना पर सास घर पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग को बुझाकर जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत बेहद गंभीर देख चिकित्सक ने बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। शव को घर पर लाने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इधर मायके से आई मृतका की मां व अन्य ने दहेज के लिए ससुराल में प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए अनहोनी की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.