प्राइमरी स्‍कूल की सरकारी किताबें बेचने में बीईओ गिरफ्तार

 प्राइमरी स्‍कूल की सरकारी किताबें बेचने में बीईओ गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश। सिद्धार्थनगर जिले में बांसी पुलिस ने बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूल में बच्चों को निशुल्क बांटने के लिए मिली पुस्तकों को कबाड़ी की दुकान पर बेचने के मामले में शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में चार लोग पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।

लगभग डेढ़ माह पूर्व ब्लाक संसाधन केंद्र बांसी से संबंधित पुस्तकों को अवैध रूप से मंगल बाजार स्थित कबाड़ी की दुकान पर बेचे जाने का मामला प्रकाश में आया था। पुलिस ने कबाड़ी से पूछताछ की तो पता चला कि किताबें बीआरसी बांसी के कार्यालय सहायक और चपरासी की ओर से बेची गई थीं। इस मामले में दो कबाड़ी दुकानदारों अंकित कसेरा और प्रतीक कसेरा निवासी शास्त्रीनगर, बांसी और पुस्तक बेचने वाले आरोपी कार्यालय सहायक शहाबुद्दीन निवासी नेउरी, थाना मिश्रौलिया और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रामजस निवासी, प्रतापनगर, बांसी को गिरफ्तार किया था। बीआरसी कर्मियों को निलंबित भी किया गया था। पुलिस के मुताबिक जांच में प्रथमदृष्टया खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश सिंह भी दोषी पाए गए हैं। इस पर बांसी कोतावली की पुलिस ने शुक्रवार को बीईओ को गिरफ्तार कर लिया है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.