कोटेदारों के लाभांश में 35 रुपये की बढ़ोतरी, कप्तानगंज में हुआ राज्यस्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, अब मिलेगा 125 रुपये प्रति क्विंटल
(सुनील मिश्रा)
बस्ती। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के साथ ही सरकार ने उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लाभांश में बढ़ोतरी की है। अब कोटेदारों को प्रति क्विंटल 125 रुपये लाभांश मिलेगा। पहले उन्हें 90 रुपये प्रति क्विंटल लाभांश मिलता था। यानी लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। सोमवार दिन में कप्तानगंज विकासखंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कोटेदारों ने सरकार के इस फैसले पर खुशी जताई।
लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बड़ी स्क्रीन के माध्यम से ब्लॉक सभागार में कराया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम को कोटेदारों और उपस्थित लोगों ने देखा और सुना। लाभांश में वृद्धि की घोषणा पर कोटेदारों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्र कहा कि ई-पॉस मशीनों के प्रयोग से खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ी है। पात्र लाभार्थियों तक समय से और निष्पक्ष तरीके से खाद्यान्न पहुंचाने में उचित दर विक्रेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कोटेदारों से शासन की मंशा के अनुरूप पात्र कार्डधारकों को निर्बाध और समयबद्ध राशन वितरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला पूर्ति अधिकारी विमल कुमार, सप्लाई इंस्पेक्टर शैलेश कुमार, सुशील कुमार श्रीवास्तव, एडीओ पंचायत, कोटेदार संघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव, कप्तानगंज ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद करीम, राम प्रकाश चौधरी, अजय कुमार, राजेश कुमार, बलवंत कुमार,बाबूराम पाण्डेय, कमलेश, सियाराम, हजारीलाल, परदेशी, मेहदी हसन सहित कई विकास खंडो के कोटेदार मौजूद रहे।



