बजाज चीनी मिल रुधौली ने कृषक जागरूकता के लिए रवाना किया प्रचार वाहन
रुधौली। बजाज चीनी मिल रुधौली ने बसंत कालीन गन्ना बुवाई के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए प्रचार वाहन रैली निकाली। इकाई प्रमुख विवेक तिवारी और महाप्रबंधक गन्ना एसके त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।
इकाई प्रमुख विवेक तिवारी ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से किसानों को अधिक उत्पादन देने वाली गन्ना प्रजातियों, समय पर गुड़ाई, निराई, सिंचाई, गन्ना बीज, खाद एवं पेड़ी प्रबंधन के बारे में जागरूक किया जाएगा। यह प्रचार वाहन पूरे क्षेत्र में भ्रमण कर किसानों को चीनी मिल की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी देगा।
महाप्रबंधक गन्ना एसके त्रिपाठी ने कहा कि इस अभियान से कृषक अधिक उपज प्राप्त कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगे। सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने बताया कि किसान गन्ने की फसल के साथ पेड़ी प्रबंधन पर ध्यान दें, जिससे अधिक उत्पादन प्राप्त हो सके। उन्होंने साफसली खेती अपनाने की सलाह दी, जिसमें गन्ने के साथ प्याज, धनिया, भिंडी, पालक, गोभी जैसी फसलें उगाकर किसान दोहरा लाभ कमा सकते हैं।
इस मौके पर सीनियर केन मैनेजर जगबीर शाही, राजीव शर्मा, राजेश सिंह, अरविंद द्विवेदी, धर्मराज, आदित्य पाठक समेत कई गन्ना अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।