सनातन धर्म संस्था द्वारा श्री रामलीला महोत्सव 31 अक्टूबर से 9 नवम्बर तक

सनातन धर्म संस्था द्वारा श्री रामलीला महोत्सव 31 अक्टूबर से 9 नवम्बर तक


बस्ती। सनातन धर्म संस्था-बस्ती द्वारा आयोजित षष्ठम श्री रामलीला महोत्सव इस वर्ष 31 अक्टूबर से 9 नवम्बर तक गोविंद राम सक्सेरिया इंटर कॉलेज परिसर में भव्य रूप से संपन्न होगा। बस्ती मंडल के 25 विद्यालयों के लगभग 700 छात्र-छात्राएं इस आयोजन में भाग लेंगे। समिति सदस्य डॉ. अश्विनी सिंह ने बताया कि इस रामलीला मंचन का उद्देश्य जाति-पांति और ऊँच-नीच से ऊपर उठकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीयता का भाव बच्चों में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का आदर्श चरित्र भावी पीढ़ी को जीवन मूल्यों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। आयोजन समिति के सदस्य अतुल चित्रगुप्त ने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्य विभाजन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं, सदस्य रमेश पाल सिंह ने कहा कि बस्ती की रामलीला की विशेषता यह है कि इसका मंचन विद्यालयी बच्चे बाल कलाकार के रूप में करते हैं।

समिति सदस्य कर्नल के.सी. मिश्र ने बताया कि इस बार आयोजन शहर के बीचों-बीच बड़े परिसर में हो रहा है और दर्शकों की सुविधा के लिए अलग-अलग मार्गों से प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। डॉ. शैलेष सिंह ने स्पष्ट किया कि श्रीरामकथा और रामलीला में अंतर है, रामकथा केवल श्रवण होती है जबकि रामलीला में संवादों और लीलाओं का सजीव मंचन बाल कलाकारों द्वारा किया जाता है।

कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में श्रीराम जन्मोत्सव, श्रीराम-जानकी विवाह, लंका दहन और रामाभिषेक शामिल रहेंगे। समिति सदस्य मनीष सिंह ने बताया कि यह आयोजन अब बस्ती मंडल का प्रमुख धार्मिक-सांस्कृतिक पर्व बन चुका है।आयोजन समिति ने अपील की है कि समाज के सहयोग से इस बार का आयोजन और भी भव्य व ऐतिहासिक बनाया जाएगा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.