जनसंख्या वृद्धि सबके लिए हानिकारक
हम दो हमारे दो
'बढ़ती जनसंख्या से मुंह मोड़ने की कोशिश' शीर्षक से लिखे अपने लेख में संजय गुप्त ने जनसंख्या नियंत्रण की कोशिशों का विरोध करने वालों को यह समझाने की कोशिश की है कि जनसंख्या वृद्धि देश की बहुत सी समस्याओं की जड़ है। लिहाजा इसके नियंत्रण के लिए किए जाने वाले किसी भी प्रयास का किसी भी धर्म के लोगों को विरोध नहीं करना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट की मानें तो अगले 30 'वर्षों में विश्व की जनसंख्या दो अरब तक बढ़ने की संभावना है। अगले कुछ वर्षों में भारत जनसंख्या के मामले में दुनिया में नंबर एक बन सकता है। कुछ समय पहले यूनिसेफ की रिपोर्ट में भी कहा गया था कि एक जनवरी, 2019 को दुनिया में लगभग तीन लाख 95 हजार बच्चों ने जन्म लिया। इस दिन भारत में सबसे ज्यादा 69,944 बच्चे पैदा हुए। यह भारत के लिए चिंता का विषय होना चाहिए। परिवर्तन प्रकृति का नियम है। ऐसे में समय के साथ-साथ सरकारों को भी अपनी नीतियों में बदलाव करना चाहिए। अब समय आ गया है कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक सख्त नीति बनाई जाए। अगर भारत ने बढ़ती जनसंख्या को रोकने के लिए अभी से उपाय नहीं किए तो फिर बेरोजगारी, गरीबी और महंगाई आदि समस्याएं बेकाबू हो जाएंगी।