टीकाकरण के लिए किशोरों में दिखी उमंग
विद्यालयों में पहुंची टीम,लगा कोविड का टीका
बस्ती। किशोरों के टीकाकरण का बड़ा अभियान सोमवार से शुरू हुआ। स्वास्थ्य विभाग की टीम विद्यालयों में पहुंची तथा किशोर-किशोरियों को कोवैक्सीन का टीका लगाया। टीकाकरण के प्रति उनमें काफी उमंग दिख रही थी। कोविड की तीसरी लहर में ओमीक्रोन की बढ़ती चुनौती चुनौतियों के बीच टीकाकरण किशोर-किशोरियों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा।
जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बस्ती में फीता काटकर व दीप प्रज्जवलित कर टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों व स्वास्थ्य विभाग की सामूहिक जिम्मेदारी है कि वह पात्र किशोर-किशोरियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चत कराएं। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह टीकाकारण सुरक्षा कवच है। टीका लगने के बाद भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन जरूर करें। मॉस्क लगाकर ही घर से बाहर निकलें।
सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर ने कहा कि छात्र-छात्राओं को कम समय में दो डोज कोविड टीके की लगाने के लिए ही कोवैक्सीन लगाई जा रही है। पहली डोज लगवाने के 28 दिन बाद दूसरी डोज जरूर लगवाएं। जिन छात्रों को पहली डोज लग चुकी है, और उनकी दूसरी डोज ड्यू है तो वह विद्यालय में ही दूसरी डोज लगवा सकते हैं।
टीका लगवा चुके छात्रों पर नजर रखें शिक्षक
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एफ हुसैन ने कहा कि जिले में लगभग दो लाख किशोर-किशोरियों, जिनकी उम्र 15 साल हो चुकी है, उन्हें टीका लगाया जा रहा है। सभी ब्लॉकों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों से कहा गया है कि वह माइक्रोप्लॉन के अनुसार विद्यालयों में टीम भेजकर टीकाकरण कराएं। शिक्षकों से अनुरोध किया गया है कि टीकाकरण करा चुकें छात्र-छात्राओं पर नजर रखें तथा किसी तरह की समस्या होने पर स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें।
नगरीय स्वास्थ्य मिशन के नोडल ऑफिसर डॉ. एके कुशवाहा व जिला समन्वयक सचिन चौरसिया ने बताया कि कक्षा 10 से कक्षा 12 तक के शहर के 19 विद्यालयों कुल 7732 छात्र-छात्राओं का टीकाकरण कराया जा रहा है।
मालूम नहीं हुआ और लग गया टीका
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राएं टीकाकरण के बाद काफी खुश नजर आ रहीं थीं। उनका कहना था कि उन्हें मालूम ही नहीं हुआ और टीका लग गया। परिवार के अन्य लोगों की तरह वह भी अब कोरोना से सुरक्षित रहकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकती हैं। सरस्वती, राधिका चौधरी, शिवानी मिश्र, तन्या त्रिपाठी , शालिनी चौधरी, सृष्टि त्रिपाठी, दिव्या व रीतिका चौधरी सहित अन्य छात्राएं टीका लगवाकर काफी खुश थीं।
