आयुष्मान योजना से जुड़ेंगे ऑटो-रिक्शा व टैक्सी चालक, बस्ती आरटीओ कार्यालय में लगा विशेष कैंप
बस्ती। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को सम्भागीय परिवहन कार्यालय बस्ती के सभागार में ऑटो रिक्शा एवं टैक्सी चालकों के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में लगभग 50 चालकों ने प्रतिभाग किया और आयुष्मान भारत योजना की जानकारी प्राप्त की।
बैठक में उपस्थित चालकों को बताया गया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत परिवार के मुखिया सहित परिवार के सभी सदस्यों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जाता है। योजना के तहत सामान्य बीमारी से लेकर गंभीर बीमारियों तक के उपचार हेतु कैशलेस सुविधा उपलब्ध है।
संभागीय परिवहन अधिकारी फरीऊद्दीन ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए चालक अपना ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड तथा राशन कार्ड अथवा परिवार रजिस्टर की प्रति सम्भागीय परिवहन कार्यालय बस्ती के परमिट अनुभाग में वरिष्ठ सहायक महेश कुमार को उपलब्ध करा दें, ताकि सूचना मुख्यालय को भेजी जा सके।
कैंप में सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) फरीदउद्दीन, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश कुमार गौर्य, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) श्रीमती माला बाजपेयी, यात्रीकर अधिकारी प्रदीप कुमार श्रीवास्तव सहित कार्यालय के कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

