पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पति पर हुआ जानलेवा हमला
बस्ती। लालगंज थाने के बनकटी बाजार में पूर्व ब्लॉक प्रमुख बनकटी नीलम सिंह के पति एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख रघुनाथ सिंह के छोटे भाई जीतेन्द्र सिंह पर रविवार शाम करीब चार बजे जानलेवा हमला हुआ। दबंगों ने उनकी कार को बाजार में रोक कर जबरन उतार लिया। लाठी, डंडा, हाकी, बैट व सरिया से सरेआम बस्ती-महुली मार्ग पर जमकर पिटाई की। पूर्व बीडीसी जीतेन्द्र सिंह के साथ केवल कार चालक था। पिटाई के चलते वह सड़क पर बेहोशी की हालत में गिर गए और दबंग वहां से फरार हो गए।
पूर्व बीडीसी जीतेन्द्र सिंह ‘जीतू ए क्लास गर्वनमेंट कांट्रेक्टर हैं, जिनके सड़क आदि निर्माण का बड़ा काम चलता रहता है। वह रविवार को देईसांड़ क्षेत्र में चल रहे अपने निर्माण कार्य स्थल से लौट रहे थे। कार में उनके साथ केवल चालक था। बताते हैं कि जैसे ही उनकी कार नगर पंचायत बनकटी के पुराना थाना मोड़ के पास पहुंची तो पीछे से चार पहिया वाहन और बाइक से आए कुछ युवकों ने गाड़ी आगे लगाकर रोक लिया।इन युवकों ने जीतेन्द्र सिंह को कार से निकालने का प्रयास किया। उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो दबंगों ने बैट से मारकर कार का शीशा तोड़ दिया और कार के अंदर से ही मारते हुए उन्हें दरवाजा खोल कर उन्हें बाहर खींच लिया।बनकटी बाजार में सरेआम पूर्व ब्लॉक प्रमुख भाजपा नेता रघुनाथ सिंह के भाई व पूर्व बीडीसी जीतेन्द्र सिंह की पिटाई देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई।दबंग युवक जीतेन्द्र सिंह की पिटाई करते रहे। हाकी, डंडा व बैट से पीटते हुए युवकों उनके सिर, हाथ, पीठ, पैर व पूरे शरीर पर जमकर चोट पहुंचाया। वह बेहोश होकर मौके पर गिर गए। इस दौरान किसी ने लालगंज पुलिस को सूचना दी।
घायल जीतेन्द्र सिंह को पीएचसी बनकटी लाया गया। जहां पर प्रारंभिक इलाज के बाद हालत गंभीर बताते हुए बस्ती रेफर कर दिया गया। इस दौरान सूचना तेजी से क्षेत्र में फैली तो पूर्व ब्लॉक प्रमुख रघुनाथ सिंह, उनके पुत्र रामायण सिंह व अन्य शुभचिंतक बड़ी संख्या में पीएचसी पर पहुंचे। वहां से जीतू सिंह को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां पर उन्हें भर्ती किया गया है। सिर में टांका लगने के साथ ही हाथ की हड्डी टूटी बताई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता, शुभचिंतक जिला अस्पताल पहुंचे।
