कोरोना से मृत आशा के परिवार को मिली सहायता राशि
परशुरामपुर ब्लॉक के ककरा खुर्द गांव में तैनात थी आशा
यूपी बस्ती,
कोरोना से मृत आशा के परिवार को शासन की ओर से सहायता राशि प्रदान की गई है। यह राशि उसके पति के खाते में सीधे भेजी गई है। आशा परशुरामपुर ब्लॉक के ककरा खुर्द गांव में तैनात थी। कोरोना से संक्रमित होने के बाद उसकी इलाज के दौरान पिछले साल13 मई को हो गई थी। कोरोना से मौत हो जाने की दशा में सहायता राशि परिवार के लिए बड़ा सहारा बन रही है। शासन स्तर पर भी भुगतान में तत्परता दिखाई जा रही है।
एसीएमओ आरसीएच डॉ. सीके वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज इंश्योरेंस स्कीम फॉर हेल्थ वर्कर्स फाइटिंग कोविड-19 के तहत कोविड में काम करने वाले सभी हेल्थ केयर वर्कर्स का इंश्योरेंस होता है। ड्यूटी के दौरान कोरोना से संक्रमित होने के बाद मौत की दशा में परिवार को 50 लाख रुपए की सहायत राशि दी जाती है।
कोरोना से संक्रमित होने के बाद आशा को अयोध्या के दर्शन नगर स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान आशा की मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद डीसीपीएम दुर्गेश कुमार मल्ल ने परिवार से संपर्क कर मृत्यु प्रमाण पत्र व अन्य अभिलेख जमाकर कर फाइल तैयार कराई। सीएमओ के माध्यम से उसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के स्टेट कार्यालय को भेजा गया। डीएम सौम्या अग्रवाल ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए स्टेट के अधिकारियों से बात की और जल्द से जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराने को कहा। अधिकारियों के प्रयास से आशा के परिवार को सहायता राशि मिल सकी है।
---
