हाईस्कूल पास भी चला सकेगें खाद,बीज व कीटनाशक की दुकान
यूपी। बस्ती जिले में खाद, बीज व कीटनाशक की दुकान चलाने के लिए बीएससी (कृषि) की पास होने बाध्यता अब नहीं रह गई है। हाईस्कूल पास लोग भी अब खाद, बीज व कीटनाशक की दुकान चला सकते हैं। इसके लिए कृषि विभाग की ओर से एक बृज कोर्स कराया जा रहा है, जिसके माध्यम से दुकान चलाने का प्रशिक्षण व लाइसेंस की सुविधा मिल सकेगी।कृषि विषय में स्नातक की उपाधि लेने वालों को ही बीज, कीटनाशक आदि की दुकान के लिए अनुमति दी गई थी। ग्रामीण परिवेश में बीज व कीटनाशक की दुकानों की मांग को देखते हुए कृषि विभाग की ओर से एक कोर्स तैयारकिया गया है। जिसे आसानी से साप्ताहिक कक्षा के माध्यम से पूरा किया जा सकता है।
कृषि रक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि यह कोर्स दसवीं पास लोग कर सकते हैं। इस कोर्स का नाम डिप्लोमा इन एग्रीकल्चर एक्सटेंसन सर्विसेज फॉर इनपुट डीलर्स है। यह कोर्स साल भर में पूरा होगा, जिसमें 48 सप्ताह तक कक्षाएं संचालित होंगी।
इसकी फीस 10,000 रुपये है। इसमें अभ्यर्थी को 20 हजार रुपये का ड्राफ्ट जमा करना होगा, जिसमें 10 हजार रुपये बाद में वापस कर दिए जाते हैं। इस कोर्स के अधिकतम उम्र की कोई सीमा भी नहीं है। इसके लिए कृषि रक्षा अधिकारी के कार्यालय में आवेदन करना होगा।
