आगामी त्योहार में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को किया एलर्ट
यूपी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी त्योहारों जैसे होलिकोत्सव, शब-ए-बारात, रमजान, नवरोज, चैत्र नवरात्र, रामनवमी आदि पर्व-त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन के संबंध में शासन स्तर, जिला, रेंज, जोन व मंडल स्तर पर तैनात वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आगामी दिनों में महत्वपूर्ण पर्व-त्योहारों पर अनेक स्थानों पर शोभायात्राओं का आयोजन होगा, मेले आदि लगेंगे।
कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत यह समय संवेदनशील है। अतः हमें सतत सतर्क-सावधान रहना होगा। विगत 06 वर्षों में प्रदेश में सभी धर्म-सम्प्रदाय के पर्व-त्योहारों के आयोजन शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में हुए हैं। इस क्रम को आगे भी बनाए रखना होगा।
पर्व-त्योहार में शासन द्वारा सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। धार्मिक परंपरा/आस्था को सम्मान दें, किंतु अराजकता स्वीकार नहीं की जाएगी। आयोजकों को अनुमति देने से पूर्व उनसे शांति और सौहार्द सुनिश्चित करने के संबंध में शपथ पत्र लिया जाए।
सभी पर्व शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हों, इसके लिए स्थानीय जरूरतों को देखते हुए सभी जरूरी प्रयास किए जाएं। शरारतपूर्ण बयान जारी करने वालों के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कड़ाई से पेश आएं।
माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजकतत्वों के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति के अनुसार पूरी कठोरता की जाए।

