अंक पत्र वितरण एवं विदाई समारोह का भव्य आयोजन
यूपी,बस्ती। इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल, पिलखांव (ब्लॉक कप्तानगंज) में कक्षा 5 के उत्तीर्ण विद्यार्थियों के सम्मान में अंक पत्र वितरण एवं विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नवनियुक्त पीसीएस अधिकारी अक्षय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि अक्षय प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने संघर्षपूर्ण जीवन की प्रेरणादायक यात्रा साझा की। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने का संदेश देते हुए कहा कि सफलता उन्हीं को प्राप्त होती है, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों से समझौता नहीं करते। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र भी दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर उच्च उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे छात्रों में उत्साह एवं प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिला।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री चंद्रिका प्रसाद सिंह ने कहा कि अक्षय प्रताप सिंह की उपलब्धि क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसे व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सहायक अध्यापक मंगला प्रसाद मौर्य ने कहा कि विद्यार्थियों को सफल व्यक्तियों से सीधे संवाद का अवसर मिलना उनके सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे प्रेरक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्र मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही हैं। उन्होंने छात्रों से इन सुविधाओं का सदुपयोग कर अपने भविष्य को संवारने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष हरेंद्र यादव, बी.पी. आनंद, बालमुकुंद चौधरी, विवेक सिंह, डॉ. मधुलिका सिंह, पूजा गुप्ता, अंतिमा मिश्र सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, अभिभावक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह का संचालन एवं आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफल रहा।
अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


