मिलान फैशन वीक में मॉडलिंग करेंगी रिमट
इटली के लिए उड़ान भरने से पूर्व इंस्टाग्राम पर तस्वीर साझा कर जानकारी दी
जर्मनी की ग्लैमरस एथलीट एलिसा श्मिट टोक्यो ओलंपिक में स्टारडम हासिल करने के बाद अब मिलान फैशन वीक में यूगो बॉस के लिए मॉडलिंग करती नजर आएंगी। इसके लिए 22 वर्षीय एथलीट ने मंगलवार रात इटली के लिए उड़ान भरी।
उससे पहले श्मिट ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि मैं आज बहुत खुश हूं क्योंकि मैं आज मिलान के लिए उड़ान भर रही हूं। निश्चिय ही यह बहुत अच्छे दिन होंगे। श्मिट दुनिया की सबसे खूबसूरत और ग्लैमरस एथलीट में शुमार हैं। ऑस्ट्रेलियन मैगजीन बस्टेड कवरेज ने श्मिट को दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला एथलीट का खिताब दिया था। वह अपनी तस्वीरों और वीडियो के दम पर अकसर इंटरनेट पर सुर्खियों में रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 25 लाख फॉलोअर्स हैं। श्मिट के पास एक प्रभावशाली टिकटॉक फॉलोइंग भी है, लेकिन उन्होंने फैशन में अपने ब्रेक के बारे में बताने के लिए इंस्टाग्राम का इस्तेमाल किया। एलिसा की फिटनेस कमाल की है। इसी वजह से वह जर्मनी के मशहूर फुटबॉल क्लब बॉरूसिया डॉर्टमंड की फिटनेस कोच भी हैं। इससे पहले श्मिट के पास प्लेबॉय मैगजीन के लिए मॉडलिंग करने का प्रस्ताव भी आया था लेकिन उन्होंने लुभावने प्रस्ताव को ठुकरा दिया और कहा था कि खेल मेरी प्राथमिकता है। लेकिन अब श्मिट मिलान फैशन वीक में अपने पहले प्रवेश की बेसब्री से इंतजार कर रही हैं।

