बस्ती:जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला शिक्षा समिति की बैठक,दिए आवश्यक निर्देश

बस्ती:जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला शिक्षा समिति की बैठक,दिए आवश्यक निर्देश



जिलाधिकारी ने छात्र या अभिभावक का बैंक खाता नम्बर एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध न कराने वाले शिक्षको को नोटिस जारी करने का दिया निर्देश


बस्ती। छात्र या अभिभावक का बैंक खाता नम्बर एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध न कराने वाले शिक्षको को नोटिस जारी करने तथा उनका वेतन बाधित करने का निर्देश जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने दिये है। वे कलेक्टेट सभागार में आयोजित जिला शिक्षा समिति की बैठक को सम्बोधित कर रही थी। उल्लेखनीय है कि बेसिक शिक्षा परिषद स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को स्कूल ड्रेस, बैग, स्वेटर, जूता-मोजा की धनराशि लगभग रू0 1056 उनके अथवा अभिभावक के खाते में ट्रान्सफर किया जायेगा। शासन के इस निर्णय की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि मा0 मुख्यमंत्री इस माह के दूसरे सप्ताह में यह धनराशि आनलाइन खातो में ट्रांसफर करेंगे। इस संबंध में उन्होने सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी 02 लाख 25 हजार छात्र-छात्राओं के बैंक खाता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। 

जिलाधिकारी ने स्कूलों के नियमित निरीक्षण न किए जाने पर असंतोष व्यक्त किया है। समीक्षा में उन्होने पाया कि डीपीआरओ, सीएमओ, डिप्टी सीएमओ, जिला समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान, ब्लाक शिक्षाधिकारी मुख्यालय, 14 में से 13 सीडीपीओ, एडीओ पंचायत, नायब तहसीलदार, प्रभारी चिकित्साधिकारी तथा कुछ बीडीओ द्वारा स्कूलों का निरीक्षण नही किया गया है। इन अधिकारियों द्वारा माह में 5-5 स्कूलों का निरीक्षण किया जाना है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि सभी अधिकारियों को पत्र भेजकर चेतावनी जारी करें। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि सभी अधिकारी माह के दूसरे पखवाड़े तक स्कूलों का निरीक्षण अवश्य कर लें। 

जिलाधिकारी ने कस्तूरबॉ गाधी बालिका विद्यालय में अवस्थापना सुविधाओं की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया है कि बनकटी, कुदरहॉ तथा रामनगर में क्षतिग्रस्त चहारदीवारी मनरेगा से बनवायी जायेंगी। जल भराव वाले विद्यालयों में मनरेगा से मिट्टी पटाई की जायेंगी। सॉऊघाट, रूधौली, कुदरहा, रामनगर, परसरामपुर में लीड बैंक भारतीय स्टेट बैंक द्वारा गीजर की स्थापना करायी जायेंगी ताकि जाड़ो में छात्राओं को गरम पानी मिल सकें। जिलाधिकारी ने रूधौली तथा सदर के विद्यालयों में छत मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया है। 

जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देश दिया है कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अन्तर्गत डाक्टर एंव स्टाफ की टीम भेजकर सभी स्कूलों के छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराये। किशोरी छात्र-छात्राओं को सैनेट्री नैपकीन तथा आयरन की गोलिया वितरित कराये। पेट में कीड़ा मारने की गोली एलमेण्डाजोल तथा कैल्शियम की गोली वितरित कराने का निर्देश दिया। 

मध्यान्ह भोजन की समीक्षा करते हुए उन्होने कहा कि लगभग 25 हजार छात्र-छात्राओं का नामांकन स्कूलों में बढा है। उन्होने डीएसओ को निर्देशित किया कि इनका खाद्यान्न का कोटा बढाये। उन्होने सभी 2071 विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने का निर्देश दिया है। वर्तमान में मनरेगा द्वारा 140 तथा मिड-डे-मील प्रकोष्ठ द्वारा 810 किचन गार्डन विकसित किए गये है।   

बैठक का संचालन बेसिक शिक्षा अधिकारी जगदीश शुक्ल ने किया। इसमे सीडीओ डॉ0 राजेश कुमार प्रजापति, सीएमओ डॉ0 अनूप कुमार, डीएसओ सत्यवीर सिंह, समाज कल्याण अधिकारी रामनगीना यादव, कार्यक्रम अधिकारी सावित्री देवी, डायट प्राचार्य के0एस0 वर्मा, खण्ड शिक्षा अधिकारी इन्द्रजीत ओझा, राम कुमार सिह, अनीता तिवारी, गरिमा यादव, प्रीती शुक्ला, मुसाफिर सिंह पटेल, नीरज सिंह, कपिलेदव द्विवेदी, राम बहादुर वर्मा, विनोद त्रिपाठी, जिला समन्वयक सुनील तिवारी, लेखाधिकारी सुशील कुमार उपस्थित रहें।

...........

तीन ब्लाकों के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में हॉस्टल का निर्माण,9 से 12 तक की बालिकाओं को मिलेगी सुविधा 


बस्ती। कुदरहॉ, रूधौली तथा कप्तानगंज में कस्तूरबा गाधी बालिका विद्यालय परिसर में कक्षा 09 से 12 तक की छात्राओं के लिए हास्टल निर्माण कराया जा रहा है। उक्त जानकारी जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने दी है। उन्होने बताया कि इन तीनों ब्लाक में कक्षा 09 से 12 तक पढने वाली विभिन्न स्कूलों की छात्राओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी। उन्होने बताया कि तीनों हास्टल वर्तमान में संचालित विद्यालय परिसर में ही बनेंगे। ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग को शासन द्वारा कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। उन्होने बताया कि कुदरहा में निर्माण कार्य शुरू हो गया है। रूधौली में पेड़ कटवाने की प्रक्रिया चल रही है। कप्तानगंज में टेण्डर कराया गया है। उन्होने बताया कि लगभग रू0 50 लाख की लागत से दो तल के इस हास्टल में लगभग 200 छात्राओं के रहने की व्यवस्था की जायेगी। 

उल्लेखनीय है कि ग्रामीण क्षेत्र में पढने वाली दूर-दराज की छात्राओं को आवागमन में काफी कठिनाई होती है तथा उन्हें घर पर पढने का समय कम मिल पाता है। कुदरहॉ, रूधौली तथा कप्तानगंज में छात्राओं के लिए हास्टल बन जाने से उन्हें निःशुल्क आवास, भोजन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे की वे अपने पठन-पाठन पर ध्यान केन्द्रित कर सकेंगी। ये छात्राए ब्लाक के बेसिक शिक्षा परिषद तथा सहायता प्राप्त विद्यालयों में पूर्व की भाति अध्ययन करेंगी तथा वे इस हास्टल में रह सकें।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.