(आनन्दधर द्विवेदी)
दुबौलिया। बस्ती जनपद के दुबौलिया विकास क्षेत्र के बेमहरी गांव में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर राशन की दुकान को निलंबित करने का अनुरोध किया है। बताते चलें बेमहरी गांव निवासी ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र के माध्यम से बताया है कि ग्राम पंचायत में अजीत पाल के नाम से अब सरकारी राशन की दुकान आवंटित है लेकिन वह बाहर रहकर नौकरी करते हैं उनके जगह पर उनके भाई राशन वितरण करते हैं, जो ना तो उचित रेट में सरकारी राशन देते हैं ना ही एक निश्चित जगह पर राशन वितरण करते हैं, ग्रामीणों ने शिकायती पत्र के माध्यम से बताया है कि दुकान पर रेट लिस्ट नहीं लगाया गया है तथा गांव में 40 प्रतिशत से अधिक लोगों को राशन नहीं मिल रहा है, साथ ही कोटेदार द्वारा घटतौली भी की जाती है। ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र के माध्यम से मांग की है कि शासन की दुकान को तत्काल निलंबित कर किसी दूसरे व्यक्ति को सौंपा जाए जिससे ग्रामीणों को राशन लेने में सुविधा मिल सके। वहीं ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के साथ मुख्यमंत्री तथा जिला पूर्ति अधिकारी व उप जिलाधिकारी हर्रैया को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।

