बीआरसी परिसर में शिक्षक ने लगाई फांसी, प्रताड़ना का आरोप
बस्ती। जिले में आत्महत्या के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला छावनी थाना का है। यहां बीआरसी विक्रमजोत परिसर में मंगलवार की सुबह एक प्रधानाध्यापक का शव पेड से लटकता मिला है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी रोहित उपाध्याय की टीम ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।परिवार के साथ छावनी कस्बे में मकान बनवा कर रह रहे शिक्षक पशुपतिनाथ (40) वर्तमान में विक्रमजोत ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय शक्तिपुर में प्रधानाध्यापक पद पर कार्यरत थे। मंगलवार की सुबह घर से मॉर्निंग वाक के लिए निकले थे। करीब एक घंटे बाद उनका शव छावनी स्थित बीआरसी परिसर में पेड़ की डाल में रस्सी के सहारे लटकता मिला। पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुटी है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं लोग आत्महत्या के पीछे महकमे के अधिकारियों द्वारा की गयी प्रताड़ना को कारण बता रहे हैं।
