सम्पूर्ण टीकाकरण से मिलेगी 12 जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा
- 15 अक्टूबर तक चलाया जा रहा विशेष नियमित टीकाकरण कार्यक्रम
बस्ती। सात सितम्बर से 15 अक्टूबर तक जिले में विशेष नियमित टीकाकरण (स्पेशल आरआई) कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस दौरान जिन बच्चों का टीकाकरण छूट गया है, उन्हें ड्यू लिस्ट के अनुसार पूर्ण प्रतिरक्षित किया जा रहा है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि जिन 28 जिलो में स्पेशल आरआई कार्यक्रम चलाया जा रहा है, उसमें बस्ती जिला भी शामिल है। कोविड काल व कोविड टीकाकरण अभियान के कारण नियमित टीकाकरण कार्यक्रम कुछ प्रभावित हुआ था। इस कार्यक्रम में जिन बच्चों का जो टीका छूट गया है, उसे लगाया जा रहा है। डॉ. विनोद ने बताया कि आठ जिले ऐसे हैं, जहां पर डिप्थीरिया/मिजिल्स व अन्य टीकारोधी बीमारियों के आउटब्रेक की सूचना को देखते हुए शासन ने यह कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया है। बच्चों में होने वाले विभिन्न संक्रमण, गंभीर जानलेवा बीमारियों से बचाव व बाल मृत्यु दर को नियंत्रित करने के लिए बच्चों को नि:शुल्क टीका लगाया जा रहा है।
जिला स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सूचना अधिकारी राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि प्रत्येक बुधवार व शनिवार को टीकाकरण सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इसी सत्र में छूटे हुए बच्चों को प्रतिरक्षित किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार सत्र की संख्या बढ़ाई जा रही है।
अभिभावक भी निभाएं जिम्मेदारी
- विशेष टीकाकरण सत्र की तिथि व स्थान की जानकारी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, एएनएम या क्षेत्र की आशा/आंगनबाड़ी कार्यकत्री से लें।
- आपके दो साल तक के बच्चे का कोई टीका छूट गया है तो टीकाकरण सत्र पर ले जाकर उसे जरूर लगवाएं।
- टीकाकरण सत्र पर साथ में बच्चे का टीकाकरण कार्ड मातृ एवं शिशु सुरक्षा कार्ड साथ लेकर जरूर जाएं।
- अगर वैक्सीन से संबंधित आपको किसी तरह की शंका है तो क्षेत्र की आशा/एएनएम, या मेडिकल ऑफिसर से उनकी राय जरूर लें।
टीकाकरण के बाद इन बातों का रखे ख्याल
- टीकाकरण के पश्चात 30 मिनट तक टीकाकरण सत्र स्थल पर ही रुकें।
- टीकाकरण कार्ड पर लगाए गए टीके को जरूर चढ़वाएं।
- लगाया गया टीका किस बीमारी से बचाव से सम्बंधित है, उसके बारे में जानकारी एएनएम से लें।
- एएनएम से अगले टीकाकरण के सम्बंध में भी जानकारी लें।
- टीका लगने के बाद अगर बुखार, दर्द या अन्य लक्षण दिखें तो तत्काल क्षेत्र की आशा कार्यकत्री/एएनएम से संपर्क करें। आवश्यक हो तो अस्पताल में दिखाएं।
- टीकाकरण कार्ड हमेंशा संभाल कर रखें, यह बच्चे के स्वास्थ्य सम्बंधी जानकारी के लिए जरूरी है।
इन बीमारियों से होगा बचाव
पोलियो, काली खांसी, गला घोंटू, मिजिल्स, रूबेला, टीबी, डिप्थीरिया, निमोनिया, हेपेटाईिटस बी, जापानी इंसेफ्लाईिटस, पेचिश, टिटनेस
बीमारी से सुरक्षा के लिए जरूर लगवाएं टीका
साऊंघाट ब्लॉक के जमदाशाही गांव के बुजुर्ग मौ. मोहम्मद अयूब खान का कहना है कि बच्चों को लगाया जाने वाला टीका उन्हें कई तरह की जानलेवा बीमारियों से बचाता है। टीके की बदौलत पोलियो, चेचक आदि बीमारी को समाप्त किया जा सका है। वह अपने परिवार में टीकाकरण को लेकर सचेत रहते हैं। पौत्र और पौत्रियों को गांव बुलवाकर टीकाकरण कराया है। गांव के लोगों को भी टीका लगवाने के लिए प्रेरित करते हैं।

