बस्ती: पुलिया का अप्रोच धसने से राहगीर गिरकर हो रहे घायल, ग्रामीणों में आक्रोश

(ज्ञान चंद्र द्विवेदी)

गायघाट। पिछले दिनों हुई बारिश से राम जानकी मार्ग पर जगह जगह बनी पुलियों के पास सड़क धंस गई है। जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वाहन चालकों को  धंसी सड़क पर ब्रेकर जैसा झटका लगता है। जिससे कभी-कभी वे  अनियंत्रित होकर दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं। राम जानकी मार्ग का अभी तीन माह पूर्व छावनी से लेकर बस्ती की सीमा रामपुर बारहकोनी तक चौड़ीकरण हुआ है। इसी दौरान मार्ग पर जगह जगह पुलियों का निर्माण किया गया था। लेकिन मार्ग पर जगह जगह बनी पुलिया के पास सड़क बरसात मैं धंस गई है। जिससे वाहन चालकों को इस मार्ग पर आवागमन करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अनजान वाहन चालक अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो जा रहे।


स्थानीय लोग बताते हैं की प्रतिदिन इन पुलियों के पास दुर्घटना होती रहती है। 
राम जानकी मार्ग से होकर कई विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि प्रतिदिन गुजरते रहते हैं। लेकिन इस समस्या का संज्ञान अभी तक किसी ने नहीं लिया है। राम जानकी मार्ग के चक बंजारीजोत, पाऊं, चकदहा, दुबौली दूबे, पैकापुर, ललहवा, लारा, मिश्रौलिया, रमवापुर राजा सहित कई स्थान पर पुलिया के दोनों तरफ सड़क धंस गई है जिससे आने जाने वाले वाहन चालक अचानक पुलिया से टकराकर गिर जाते हैं और चोटिल हो जाते हैं।राम जानकी मार्ग के पाऊं कस्बा स्थित महादेवा के पूर्व विधायक रवि सोनकर के कार्यालय के सामने बने पुलिये पर रोजाना दुर्घटना होना आम बात हो गई है। पाऊं गांव निवासी जनार्दन तिवारी, पुनीत शुक्ला, संजय सोनी, प्रतापीपुर निवासी बालकृष्ण पाण्डेय, चरकैला निवासी वीरेंद्र यादव सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि सोमवार की शाम को एक घंटे के अंदर तीन दुर्घटनाएं हुई। एक व्यक्ति पुलिस से टकराकर अचानक खाई में चला गया जिससे पीछे बैठी उसकी बेटी को काफी चोटें आई। वही स्थानीय थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी 70 वर्षीय जयराम सोमवार की शाम करीब छः बजे पाऊं बाजार से कीटनाशक दवा लेकर घर जा रहे थे। उक्त पुलिया के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही बाइक ने जोरदार ठोकर मार दिया। जिससे जयराम बुरी तरह घायल हो गए। पुलिया का अप्रोच धंसने से बाइक सवार अनियंत्रित हो गया जिससे जयराम को काफी चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से चोटिल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनहरा पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देख जिला चिकित्सालय बस्ती रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।स्थानीय निवासियों ने धंसी सड़क पर एक जगह गिट्टी डाल तो दिया लेकिन फिर भी दुर्घटना रुकने का नाम नहीं ले रही है।


उक्त पुलियों के पास धंसी सड़कों का जिम्मेदारों द्वारा संज्ञान न लिए जाने और आए दिन हो रही दुर्घटनाओं को लेकर क्षेत्रवासियों में काफी आक्रोश है। बुधवार को स्थानीय निवासियों ने सड़क पर खड़े होकर अपना विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी बस्ती से मामले में हस्तक्षेप करते हुए सड़क को ठीक कराये जाने की मांग किया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.