बस्ती पुलिस का बड़ा खुलासा: शातिर चोर और चोरी का सोना खरीदने वाला सर्राफ गिरफ्तार, 25 ग्राम गला हुआ सोना समेत लाखों की संपत्ति बरामद
बस्ती, 29 जून। थाना नगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर और चोरी के आभूषण खरीदने वाले सर्राफ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3.67 लाख रुपये कीमत का 25 ग्राम गला हुआ सोना, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 30,500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP51 AF 9260) बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में सूरज कुमार सोनी निवासी अलीपुर बाजार, थाना खोड़ारे (जनपद गोण्डा) तथा राहुल उर्फ रामेश्वर वर्मा निवासी मंगल बाजार, थाना पुरानी बस्ती (स्थायी पता-मुंडेरा बाबू, थाना तरकुलवा, देवरिया) शामिल हैं। सूरज चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था, जबकि राहुल चोरी के आभूषण खरीदकर उन्हें गलाने का काम करता था।
पूछताछ में सूरज ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी कृष्ण चंद्र सोनी के साथ मिलकर बस्ती, गोण्डा और बलरामपुर जनपदों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। उसने थाना नगर क्षेत्र के प्रसादपुर, हर्रैया क्षेत्र के मरवट काली माता मंदिर, दयालपुर तथा पैकोलिया क्षेत्र के बभनान सहित कई स्थानों पर चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की। आरोपी ने बताया कि चोरी के सोने-चांदी के आभूषण वह राहुल को बेच देता था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर राहुल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 25 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक इस कार्रवाई से थाना नगर के दो, थाना पैकोलिया के एक और थाना हर्रैया के एक चोरी के मुकदमे का सफल अनावरण हुआ है।
बरामदगी
25 ग्राम गला हुआ सोना (कीमत करीब ₹3.67 लाख)
दो जोड़ी चांदी की पायल
दो जोड़ी चांदी के बिछुए
एक चांदी की अंगूठी
पांच सोने की नाक की कील
₹30,500 नकद
सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP51 AF 9260)
पुलिस ने बताया कि आरोपी कृष्ण चंद्र सोनी पहले से ही कई चोरी के मामलों में वांछित है और 17 जून 2026 से जेल में बंद है। दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेजा गया है।

