बस्ती: स्टेट टीम ने जिला स्तरीय वैक्सीन स्टोर का किया मूल्यांकन

 गुणवत्तापूर्ण कोल्ड चेन में रहते हैं सरकारी अस्पताल के टीके

दो सदस्यीय स्टेट टीम ने किया जिला स्तरीय वैक्सीन स्टोर का मूल्यांकन

मंडल, जिला वैक्सीन स्टोर व कोल्ड चेन प्वाइंट का हो रहा तीसरा राष्ट्रीय ईवीएम मूल्यांकन

टीकों के रख-रखाव की व्यवस्था को सुदृढ बनाने के लिए होता है मूल्यांकन

बस्ती। दो सदस्यीय स्टेट टीम ने जिला स्तरीय वैक्सीन स्टोर का मंगलवार को मूल्यांकन किया। टीम में शामिल विशेषज्ञों ने वैक्सीन के रख-रखाव की व्यवस्था देखने के साथ ही उनके प्रबंधन के बारे में जानकारी ली। टीम को सबकुछ ठीक ठाक मिला।  टीकों के रख-रखाव की व्यवस्था को सुदृढ बनाने के लिए राष्ट्रीय ईवीएम (इफेक्टिव वैक्सीन मैनेजमेंट) मूल्यांकन किया जा रहा है। सरकारी अस्पताल के टीके कोल्ड चेन में रखे जाते हैं जिससे उनकी गुणवत्ता बनी रहती है ।


जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में टीकाकरण सबसे महत्वपूर्ण अंग है। यहां से नियमित टीकाकरण के साथ ही कोविड टीकाकरण का भी प्रबंध किया जा रहा है। वैक्सीन प्रबंधन के जरिए ही वैक्सीन की गुणवत्ता को बनाए रखा जाता है। बच्चों को पांच साल में सात बार नियमित टीकाकरण अवश्य कराना चाहिए। सरकारी अस्पताल के कोल्ड चेन में रखे टीके सुरक्षित और असरदार हैं। इन चेन की सतत निगरानी की जाती है और समय-समय पर मूल्यांकन भी किया जाता है। 


मूल्यांकन करने आई टीम में शामिल डॉ. यथार्थ व डॉ. संजीत पनेसर ने सबसे पहले जुलाई 2021 से जून 2022 तक के स्टॉक की समीक्षा की। वैक्सीन कितना आई, कितना खर्च हुई, उससे संबंधित वाउचर,इंडेंट आदि की जांच की। इसके बाद उन्होंने ईिवन की जांच की। यह देखा कि ईिवन पर टेम्प्रेचर लॉगर की रिपोर्ट हो रही है। लॉग बुक व पोर्टल के जरिए इस बात की जांच किया कि तापमान कितनी बार बढ़ा और घटा है। रिपोर्टिंग की व्यवस्था संतोष जनक मिली। इसके बाद उन्होंने डीप फ्रीजर, आईस पैक, कोल्ड बाक्स ओर सिरिंज के प्रबंधन की व्यवस्था को देखा। टीम ने वैक्सीन स्टोर के भवन की मरम्मत को आवश्यक बताया। 350 से भी ज्यादा बिन्दुओं पर टीम द्वारा समीक्षा की गई। 


टीम ने स्टॉफ से इमरजेंसी प्लॉन के बारे में भी पूछा तो बताया गया कि लम्बे समय तक बिजली कटने पर जनरेटर की व्यवस्था है, अगर जनरेटर न काम करे तो वैक्सीन को कोल्ड चेन बॉक्स में रखकर सुरक्षित बनाए जाने की पूरी व्यवस्था है। ईिवन पोर्टल के जरिए सभी कोल्ड चेन प्वाइंट के स्टॉक पर नजर रखी जाती है , तथा जो वैक्सीन कम होती है, उसकी मांग की जाती है। इस व्यवस्था से वैक्सीन की उपलब्धता बनी रहती है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने अपनी मौजूदगी में मूल्यांकन कार्य कराया। 

इस मौके पर वैक्सीन कोल्ड चेन मैनैजर हरेंद्र मिश्रा, यूनिसेफ की डीएमसी अनीता सिंह, एलए अब्दुल वारिस, कोल्ड चेन हैंडलर अरविन्द पाल व अन्य स्टॉफ मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.