बस्ती: आयुर्वेदिक दवाओं से गंभीर रोगी हो रहे सेहतमंद

 आयुर्वेदिक दवाओं से गंभीर रोगी हो रहे सेहतमंद

-  सरकार आयुष को दे रही है बढ़ावा

- आयुर्वेदिक अस्पताल पोखरा में आ रहे पुराने रोग के मरीज

बस्ती। आयुर्वेदिक दवाओं से गंभीर रोग से ग्रसित रोगी भी सेहतमंद हो रहे हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार आयुष विद्या को लगातार बढ़ावा दे रही है, इसका परिणाम है कि आयुष अस्पतालों की हालत में सुधार हुआ है और वहां से मरीज को पर्याप्त दवाएं निःशुल्क मिल रही हैं। ग्रामीण इलाकों में दूर-दराज संचालित इन अस्पतालों से आम लोगों को फायदा मिल रहा है। 

कप्तानगंज ब्लॉक के ऐंठी गांव निवासी राम शंकर तिवारी (70) का कहना है कि उन्होंने पहले एक अस्पताल में दिखाया तो वहां बताया गया कि उन्हें हृदय रोग की समस्या है। उन्होंने पोखरा बाजार में संचालित आयुर्वेदिक अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रमाकांत को दिखाया तो उन्होंने दवा देने के साथ ही योगा करने की सलाह दी। दवा के साथ उन्होंने जब योगा शुरू किया तो उन्हें आराम मिला। लगभग दो साल से वह ठीक हैं। समय समय पर अस्पताल आकर अपनी शुगर, बीपी आदि की नियमित जांच कराते रहते हैं। कोई अन्य समस्या होने पर चिकित्सक की सलाह पर ही दवा लेते हैं। 

चिलमा बाजार के राजेंद्र सिंह (60) को घुठने में दर्द की समस्या थी। उन्होंने आयुर्वेदिक अस्पताल में नस्य कर्म कराया। इसमें दवा मिली हुई भाप से पीड़ा वाले स्थान पर कम से कम एक सप्ताह तक प्रतिदिन लगभग 15 मिनट तक सिंकाई की जाती है। उनका कहना है कि उन्हें इससे काफी आराम मिला है। 

चिकित्सक डॉ. रमाकांत का कहना है कि आयुर्वेद इलाज की पुरातन परम्परा है। हमारे खेत, बाग व रसोई में रखे सामान से ही कई तरह की देसी दवाएं तैयार की जा सकती है, जिसे हम नानी, दादी के नुस्खे के रूप में जानते हैं। जरूरत इस बात की है कि हम उन पेड़-पौधों की पहचान करें, जो हमारे लिए लाभदायक हैं। अस्पताल में इन्हीं पेड़-पौधों व जड़ी बूटियों से बनी दवा दी जाती है, जिसका कोई साइड इफेक्ट नहीं होता है। दवाएं रोग का इलाज के साथ ही शरीर की इम्युनिटी बढ़ाने में भी मददगार होती हैं।


हेल्थ वेलनेस सेंटर पर सिखाया जाता है योगा

डॉ. रमाकांत ने बताया कि आयुष अस्पतालों के साथ ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की स्थापना की जा रही है। उनके अस्पताल परिसर में सेंटर का संचालन हो रहा है। यहां पर प्रशिक्षक द्वारा निःशुल्क योगा सिखाया जा रहा है। इसके अलावा पंचकर्म, पक्षाघात आदि के मरीज को व्यायाम सिखाया जा रहा है। जल्द ही यहां इलाज की अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। 

---

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.