बकाये पैसे तथा कमीशन को लेकर आदर्श कोटेदार संघ ने कप्तानगंज में की बैठक
बस्ती। आदर्श कोटेदार संघ के पदाधिकारियों ने लंबित मांगों को लेकर कप्तानगंज क्षेत्र के मदनपुरा में शुक्रवार को एक बैठक की। बैठक में कोटेदारों ने सितंबर से फरवरी माह तक के कमीशन ना देने पर रोष व्यक्त किया, इसके साथ ही कोटेदारों ने बताया कि नवंबर माह में पूरा पैसा जमा कर लिया गया था जबकि राशन नि:शुल्क वितरण कराया गया, उसका पैसा अभी तक उनको नहीं मिला इसको लेकर भी कोटेदारों ने नाराजगी जताई। कोटेदारों ने कहा कि मार्च का वितरण शुरू होने वाला है ऐसे में कोटेदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है जिससे कोटेदारों की होली भी फीकी पड़ती नजर आ रही है।
बैठक में कोटेदारों ने मांग किया कि उनका जमा कराया गया पैसा तथा बकाया कमीशन जल्द से जल्द दिलाया जाए। बैठक को ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद करीम ने संबोधित करते हुए कहा कि अगर प्रशासन ने जल्द ही बकाया कमीशन तथा जमा कराया हुआ पैसा ना दिया तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस दौरान मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष दीप नारायण राय, सुरेंद्र यादव, राम प्रकाश चौधरी, जितेंद्र, महेश, बाबू राम सहित जनपद के अन्य कई कोटेदार मौजूद रहे।

