राशन कोटेदार ने लगाया जातिसूचक गाली, मारपीट, जान से मारने की धमकी का आरोप, दोषी के विरूद्ध कार्रवाई की मांग

राशन कोटेदार ने लगाया जातिसूचक गाली, मारपीट, जान से मारने की धमकी का आरोप, दोषी के विरूद्ध कार्रवाई की मांग

बस्ती जिले के कप्तानगंज विकास खण्ड के ग्राम पंचायत नरहरपुर के कोटेदार संजय कुमार ने गांव के एक व्यक्ति पर जातिसूचक गालियां देने, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने तथा लगातार मानसिक और सामाजिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित ने थाना दुबौलिया में शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायती पत्र में ग्राम पंचायत नरहरपुर, भटपुरवा, देवकीजोत के वर्तमान कोटेदार संजय कुमार का आरोप है कि गांव निवासी ग्राम प्रधान उदयभान चौधरी के पुत्र रणविजय चौधरी लगातार उनके विरुद्ध शिकायतें कराकर दबाव बनातें हैं और राशन वितरण में हस्तक्षेप करतें है। 

पीड़ित का कहना है कि आरोपी द्वारा कथित रूप से राशन और रुपये की मांग की जाती थी तथा मांग पूरी न होने पर उन्हें अनुसूचित जाति होने के कारण जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया जाता है।

पीड़ित के अनुसार गत 7 जुलाई को राशन वितरण के दौरान रणविजय चौधरी ने एक लाभार्थी को दोबारा राशन देने का दबाव बनाया। इनकार करने पर आरोपी ने कथित रूप से जातिसूचक गालियां दीं, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है और अब भी लगातार धमकी दे रहा है कि उसे सड़क दुर्घटना का रूप देकर जान से मार दिया जाएगा। उनका कहना है कि शिकायत देने के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई कठोर कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे आरोपियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।

पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी आरोपी के साथ-साथ कार्रवाई न करने वाले संबंधित पुलिस अधिकारियों की भी होगी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.