सीएमओ डॉ. आरपी मिश्र ने जिले के कई स्वास्थ्य केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
कप्तानगंज के दो गैरहाजिर चिकित्सकों का वेतन बाधित
बस्ती। सीएमओ डॉ. आरपी मिश्र ने रविवार को स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। रविवार को आयोजित होने वाले सीएम आरोग्य स्वास्थ्य मेले में फर्जी रिपोर्टिंग व चिकित्सकों के गैर हाजिर रहने की शिकायत विभाग को लगातार मिल रही है। सीएचसी कप्तानगंज में दो चिकित्सक व पीएचसी हरदी में तैनात आयुष चिकित्सक गैर हाजिर रहे।
पीएचसी बेलघाट के निरीक्षण में चिकित्सक डॉ. प्रेमचंद्र व अन्य स्टॉफ मौजूद मिले। 11 मरीज देखे गए थे। अस्पताल परिसर में ही गोशाला बना दिया गया है। साफ-सफाई व्यवस्था बहुत खराब थी। पीएचसी का निरीक्षण एमओआईसी ने कई माह से नहीं किया है। एएनएम सरोज देवी का 22 जून से हस्ताक्षर नहीं बना है। एएनएम का कहना था कि वह एएनएम सेंटर पर ड्यूटी दे रही हैं।
कप्तानगंज के दो चिकित्सकों का वेतन बाधित
कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर सीएमओ ने सीएचसी कप्तानगंज का निरीक्षण किया। हाजिरी रजिस्टर की जांच की तो डॉ. विजय कुमार गुप्ता व डॉ. सुनील तिवारी तथा स्टॉफ नर्स स्मिता पहली जुलाई को गैर हाजिर मिले। सभी का वेतन बाधित कर स्पष्टीकरण मांगे जाने का निर्देश दिया। इमरजेंसी ड्यूटी पर डॉ. संजीव जायसवाल व फार्मासिस्ट मौजूद रहे। अस्पताल में झाड़ू तक नहीं पड़ी थी। 30 जून से आज तक 25 प्रसव हुआ था। सीएमओ ने संस्थागत प्रसव बढ़ाने व जेएसवाई का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए 24 घंटे चिकित्सक तैनात रहें तथा दवा का पर्याप्त मात्रा में प्रबंध रहे। मेले के लिए विशेष रूप से डॉ. सुनील तिवारी को जिम्मेदारी सौंपने का निर्देश दिया।


