गर्मी को लेकर जेल प्रशासन की अनूठी पहल, बंदियों को दिया जा रहा आम का पना
बस्ती। जून उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में इन दिनों गर्मी सितम ढा रही है। पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। आमलोगों के साथ जेल में निरुद्ध बंदियों का भी बुरा हाल है। यहां कूलर तक की सुविधा नहीं है। गर्मी से बचाव के लिए उन्हें कच्चे आम का पना दिया जा रहा है। इसे बनाने में प्रतिदिन 60 किलोग्राम आम की खपत हो रही है।जिला कारागार में बंदियों को रखने की क्षमता 480 है, जबकि वर्तमान में 5 93 बंदी निरुद्ध चल रहे हैं, इनमें कुछ सजायाफ्ता तो कुछ विचाराधीन हैं। इन्हें जेल मैनुअल के अनुसार खाना-पीना और अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाती हैं। वर्तमान समय में पड़ रही भीषण गर्मी से बंदियों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने की आशंका को देखते हुए जेल प्रशासन ने जरूरी व्यवस्थाएं की हैं। ठंडा पानी पीने के लिए मिट्टी के मटके और वाटर कूलर रखने के साथ उन्हें प्रतिदिन कच्चे आम का पना दिया जा रहा है। प्रभारी जेल अधीक्षक अपूर्वव्रत पाठक ने बताया कि हर बंदी को प्रतिदिन कच्चे आम का पना दिया जा रहा है।