आजमगढ़: पुलिस टीम पर हमला, पांच लोगों पर मामला दर्ज
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र छतवारा गांव में एक शिकायत की जांच करने गई पुलिस टीम को आरोपियों ने न सिर्फ गालियां दीं, बल्कि मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। इस पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
तीन दिसंबर को कलंदर बस्ती निवासी सिराजुल निशा ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दो दिसंबर की शाम करीब सात बजे मोहम्मद शहादत, मोहम्मद सगीर उर्फ दीपू, तसौवर, मोहम्मद अकबर, और अमीला ने उनकी बाउंड्री तोड़ दी और गेट चोरी कर लिया। इस घटना की जांच के लिए एसआई राज बिहारी सिंह अपनी टीम के साथ आरोपियों के घर पहुंचे।
जांच के दौरान आरोपी उग्र हो गए। पुलिस टीम को देखते ही उन्होंने भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं और पूछने लगे, मेरे दरवाजे पर पुलिस कैसे आ गई इसके बाद बात हाथापाई तक पहुंच गई। आरोपियों ने हमराह आरक्षी को चौकी पर गिराकर पीटा और दुबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर वापस लौटना पड़ा।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें आरोपियों की हरकतें साफ देखी जा सकती हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस पर हमले जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया है।

