पुलिस अधीक्षक ने गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड के रिहर्सल का किया निरीक्षण
बस्ती। 20 जनवरी 2025 को पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन द्वारा पुलिस लाइन बस्ती में आगामी गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित होने वाली परेड की रिहर्सल का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने टोलीवार परेड का निरीक्षण किया और परेड में शामिल दस्तों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। सभी दस्तों ने बारी-बारी मंच से गुजरते हुए परेड में अपनी सटीकता और कौशल का प्रदर्शन किया।
परेड रिहर्सल के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी ली और पुलिसकर्मियों द्वारा प्रदर्शित अनुशासन और दक्षता की सराहना की। पुलिस अधीक्षक ने रिहर्सल के दौरान उपस्थित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परेड को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए सभी टीमों को सुधार के बिंदु बताये। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य और अनुशासित ढंग से आयोजित करने के लिए यह रिहर्सल किया गया। यह परेड देशभक्ति और अनुशासन का प्रतीक है, और इसे सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए सभी तैयारियों को सुनिश्चित किया जा रहा है।


