कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर अगस्त माह में खाद्यान्न वितरण नहीं करेंगे कोटेदार

कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर अगस्त माह में खाद्यान्न वितरण नहीं करेंगे कोटेदार

बस्ती। कप्तानगंज ब्लॉक के कोटेदारों की मासिक बैठक ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद करीम के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में ब्लॉक क्षेत्र के सभी कोटेदारों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कोटेदारों की विभिन्न समस्याओं और कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष दीप नारायण राय ने कहा कि प्रदेश संगठन के आह्वान पर जब तक प्रदेश अध्यक्ष की ओर से कोई नया निर्देश जारी नहीं होता, तब तक अगस्त माह में खाद्यान्न का वितरण नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के करीब 80 हजार कोटेदार कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर अगस्त माह का खाद्यान्न वितरण रोकने का निर्णय ले चुके हैं।


कोटेदारों का आरोप है कि कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले महीने जिला पूर्ति अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया था। इसके बावजूद अगस्त माह का खाद्यान्न वितरण शुरू करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, कोटेदारों का कहना है कि अगस्त माह का खाद्यान्न पहले ही उनके यहां पहुंच चुका है और अब सितंबर माह का गेहूं-चावल भी ठेकेदारों द्वारा जबरन कोटेदारों के घरों पर उतारा जा रहा है।



कोटेदारों ने कहा कि लगातार बारिश के बीच अतिरिक्त खाद्यान्न रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इससे खाद्यान्न के खराब होने का खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि अतिरिक्त खाद्यान्न रखने के लिए कोटेदारों को कोई अलग किराया भी नहीं दिया जाता। यदि खाद्यान्न खराब होता है तो बाद में उसकी भरपाई भी कोटेदारों को अपनी जेब से करनी पड़ सकती है।



कोटेदारों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनका कमीशन नहीं बढ़ाया जाता, तब तक अगस्त माह में खाद्यान्न वितरण नहीं किया जाएगा। उन्होंने शासन से तत्काल उनकी मांगों पर विचार कर उचित निर्णय लेने की मांग की।

बैठक में जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव, ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद करीम, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष दीप नारायण राय, राम प्रकाश चौधरी, सुनील कुमार, कमलेश चौधरी, अजय कुमार, संदीप ओझा, सियाराम, हजारी, परदेशी, मध्दी हसन, रामनुधारत, महगू, संजय, रामशब्द, अंकुर, बाबूशाम पांडेय, श्रीनिवास, उमाशंकर, रामवृक्ष, सोनू गजाधर, पवन कुमार, जितेंद्र तिवारी समेत ब्लॉक क्षेत्र के अन्य कोटेदार मौजूद रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.