विकसित भारत के संकल्प से जुड़े युवा, राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान
कप्तानगंज(बस्ती)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प को युवाओं तक पहुँचाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाने के उद्देश्य से कप्तानगंज स्थित माँ गायत्री इंटर कॉलेज एवं माँ गायत्री डिग्री कॉलेज में युवा परिसर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन वैद्यनाथ मिश्रा ने किया। इस दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके प्रश्नों के उत्तर दिए और राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर उनका मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा के जिला मंत्री दिव्यांशु दुबे, जिला सूचना प्रौद्योगिकी संयोजक रवि तिवारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद मिश्रा, शिक्षकगण, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को विकसित, आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया गया। उपस्थित लोगों ने ऐसे प्रेरक आयोजनों को समय की आवश्यकता बताते हुए इसकी सराहना की।


