सीता के किरदार में नजर आएंगी कंगना रनौत
हिंदी सिनेमा में इन दिनों पौराणिक कहानियों में फिल्ममेकर्स काफी दिलचस्पी ले रहे हैं। कुछ समय पहले अलौकिक देसाई के निर्देशन में बनने वाली फिल्म सीता-द इनकार्नेशन के निर्माण की घोषणा की गई थी। हालांकि सितारों के नाम की घोषणा नहीं की गई थी। अब कंगना रनौत ने फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए जानकारी दी कि वह इस फिल्म के शीर्षक रोल में होंगी। कंगना ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि सीता में शीर्षक भूमिका मिलने और प्रतिभाशाली टीम के साथ जुड़कर खुश हूं। जय सियाराम । फिल्म में माता सीता की अनकही कहानी प्रदर्शित की जाएगी। इसका लेखन के. वी. विजयेंद्र प्रसाद और अलौकिक देसाई ने किया है, जबकि संवाद और गीत मनोज मुंतशिर लिख रहे है। विजयेंद्र प्रसाद ने ही बाहुबली और कंगना की फिल्म मणिकर्णिका: द क्वीन आफ झांसी और थलाइवी की कहानी लिखी है। सीता को हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषा में रिलीज किया जाएगा। पहले इस फिल्म के लिए करीना कपूर को लिए जाने की खबरें आई थीं, उन्होंने मोटी फीस मांगी थी इसलिए बात नहीं बनी।

