योगी सरकार के साढ़े चार साल पूरे,विधायक ने गिनाई उपलब्धियां
विधायक सीए चंद प्रकाश शुक्ला ने की प्रेस वार्ता
भाजपा जनप्रतिनिधियों ने दी यूपी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की जानकारी
कप्तानगंज, बस्ती। विधानसभा क्षेत्र कप्तानगंज के विधायक सीए चंद्र प्रकाश शुक्ला ने भाजपा सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने पर रविवार को कप्तानगंज भाजपा कार्यालय सेवा सदन पर प्रेस वार्ता की।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब से भाजपा सरकार बनी है, उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ के संरक्षण में पूरे प्रदेश में गुंडागर्दी पूरी तरह समाप्त हो गई। कानून व्यवस्था में मजबूती आयी है, किसी भी तरह से सुरक्षा को लेकर कोई प्रश्न चिन्ह नहीं लग रहा है।
उन्होंने कानून व्यवस्था,स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा व्यवस्था एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि कप्तानगंज क्षेत्र में इन साढ़े चार वर्षों में जो विकास हुआ है। वह पूर्व में रही सरकारों में कभी नहीं हो पाया था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की दूसरी बड़ी विद्युत इकाई विधानसभा क्षेत्र कप्तानगंज के गौर ब्लाक में पोखरी में स्थित में स्थापित की। जहां से प्रदेश के कई जिलों में बिजली की सप्लाई जाएगी, उन्होंने कहा कि यदि कप्तानगंज से बिजली सप्लाई का बटन दबाया जाएगा तो लखनऊ और गोरखपुर जैसे शहरों महानगरों में यहीं से उजाला होगा,विकास कार्यो के बारे में उन्होंने कहा कि क्षेत्र के पिपरौल घाट पर बना पुल एक ऐतिहासिक कार्य में माना जाएगा क्योंकि पूर्व की सरकारों ने अपने कार्यकाल में बांस के बने पुल को देखने के बावजूद भी उस पर अमल नहीं किया।
कहा कि उसी क्रम में सड़वलिया गांव का पुल है एवं क्षेत्र की कई सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है। कप्तानगंज विधानसभा को सड़कों के जाल से बांध दिया गया है। कुछ कार्य बरसात की वजह से रुके हैं जो शीघ्र ही पूरे होंगे।
उन्होंने कहा कि गौर क्षेत्र में दुबौला से पचपेड़वा,पैकोलिया से शिवा घाट सहित अन्य सड़कों का निर्माण जारी है।
लगातार बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र कटरिया चांदपुर में तटबंध कार्य कराया गया।
सरकार द्वारा प्रस्तावित मंदिरों के जीर्णोद्धार पर उन्होंने बताया कि सरकार ने बड़ी संख्या में मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए एक सुंदर पहल की।
जिसमें कप्तानगंज परीक्षेत्र के झूंगी नाथ, बाबा राम निहाल दास, भारी नाथ,जागेश्वर नाथ तिलकपुर मंदिर, बलुआ समय माता मंदिर सहित अन्य कई मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए सरकार ने बजट दे दिया है। कुछ स्थानों पर कार्य प्रारंभ भी हो गया है। ऐसे ही गौर क्षेत्र में भुईला ताल को पर्यटन स्थल बनाने की दृष्टि से डीपीआर भेजा गया है। जिसे महर्षि वशिष्ठ के नाम से जाना जाएगा।
उन्होंने कहा कि निरंतर अपने कार्यालय सेवा सदन पर 4 वर्षों से जन सुनवाई करते हुए क्षेत्र की आई हुई जनता के समस्या का निराकरण निरंतर जारी है। क्षेत्र की जनता को किसी तरह की कोई असुविधा न होने पाए। इसके लिए कार्यालय पर रहकर जनसुनवाई का कार्य चलता रहता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अपने क्षेत्र में बड़ी संख्या आवास,सौभाग्य योजना के अंतर्गत बिजली कनेक्शन,दिव्यांग जनों को पेंशन आदि सुविधाओं सहित बड़ी संख्या में मोटोराइज्ड साइकिल एवं ट्राई साइकिल का वितरण कराया गया।
क्षेत्र में करीब सैकड़ों की संख्या में विवाह योजना के अंतर्गत बेटियों की शादी कराई गई।

