तीन विधानसभाओं में 'आप' ने भी घोषित किए प्रत्याशी
बस्ती। आम आदमी पार्टी ने बस्ती के तीन सीटों पर अपना उम्मीदवार उतार दिया है। जिलाध्यक्ष रामयज्ञ निषाद ने बताया कि केंद्रीय कार्यालय से हरैया, कप्तानगंज व महादेवा के नामों की घोषणा हो गई है। हरैया से सुरेश सिंह, कप्तानगंज से डॉ. संजय चौधरी व महादेवा सुरक्षित से राम सुरेश उर्फ कल्लू भाई को उम्मीदवार बनाया गया है।
हरैंया से उम्मीदवार सुरेश कुमार सिंह मूलरूप से अमारी ग्राम पंचायत के बीरपुर हसनगंज के रहने वाले हैं। लखनऊ सचिवालय में ओएसडी के पद पर कार्यरत रहे श्री सिंह 2018 में सेवानिवृत्त हुए। उसके बाद राजनीति में सक्रिय हो गए। श्री सिंह ने बताया कि 2018 से आप के संपर्क में आए। दबे कुचले लोगों को सामाजिक न्याय, रोजगार व सुविधा देने के लिए आप उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं। कप्तानगंज से उम्मीदवार बने डॉ. संजय कुमार चौधरी ने एमएससी करने के बाद पीएचडी किया। एक पर्यावरणविद के तौर पर लखनऊ को कार्यक्षेत्र बनाया। पिछले पांच सालों से आप के संपर्क में रहने वाले डॉ. संजय चौधरी क्षेत्र के अजगेवा जंगल के रहने वाले हैं। पिछले एक वर्ष से आम आदमी पार्टी के सक्रिय मेंबर बन गए और पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। महादेवा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार रामसुरेश उर्फ कल्लू भाई मूल रूप से कबाड़ का काम करते हैं। यह विधानसभा क्षेत्र के भवानीपुर गांव के रहने वाले हैं।
