दिल्ली में आयोजित होने वाली गर्जना रैली को लेकर भारतीय किसान संघ ने की प्रेस वार्ता
(आनंदधर द्विवेदी)
बस्ती। देश में खाद्यान की सुरक्षा के साथ किसानों की सुरक्षा भी अति आवश्यक है। किसानों ने भरपूर उत्पादन कर देश की खाद्यान सुरक्षा सुनिश्चित की है। किंतु अभी तक किसान की हालत जस की तस है। उक्त विचार भारतीय किसान संघ के द्वारा आयोजित पत्रकारवार्ता में रखते भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय किसान संघ का नारा रहा है कि "देश के हम भंडार भरेंगे लेकिन कीमत पूरी लेंगे' आज देश खाद्यान्न में आत्मनिर्भर बन चुका है, हम विदेशों में खाद्यान्न निर्यात कर रहे हैं। लेकिन किसान जो फसल उगाता है, कड़ी मेहनत के बावजूद उसको अपनी उपज का लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य अभी तक नहीं मिल रहा है। इसलिये किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ 19 दिसम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान गर्जना रैली आयोजित कर रहा है। देशभर में भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता सभी प्रांतों में ग्राम संपर्क, धरना सभा पदयात्रा जैसे कार्यक्रमों से जनजागरण को करते हुए दिनांक 19 दिसंबर 2022 को दिल्ली में लाखों की संख्या में “किसान गर्जना रैली में शामिल होगें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमारी प्रमुख मागें हैं कि लागत के आधार पर किसानों को लाभकारी मूल्य दिया जाये व कृषि आदानों पर जीएसटी समाप्त किया जाये तथा किसान सम्मान निधि की राशि में पर्याप्त बढ़ोतरी की जाये साथ ही जी. एम. सरसों को अनुमति न दी जाये या दी गई अनुमति को वापस लिया जाये और फसल अवशेष जलाने पर किसानो पर हो रहे उत्पीड़न की कार्यवाही बन्द किया जाये।