फर्जी वेबसाइट बनाकर किसानों के साथ हो रहा ठगी का प्रयास, जिला प्रशासन ने किसानों को जारी किया अलर्ट
बता दें ठगों द्वारा www.kissantractoryojana.in के नाम से वेबसाइट बनाई गई है। जिस पर किसान टैक्टर लेने के लिए अपना डाटा फीड कर दे रहे हैं,इसके लिए उनसे बाकायदा बुकिंग राशि भी ली जा रही है, बुकिंग राशि लेने के लिए ठगों द्वारा क्यूआर कोड भी किसानों को दिया जा रहा है उसी क्यूआर कोड को स्कैन कराकर ठग किसानों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है।
इस फर्जी वेबसाइट का पता चलते ही बस्ती जिला प्रशासन ने किसानों को अलर्ट किया है कि इस तरह की कोई साइट नहीं है, और न ही बुकिंग के नाम पर धनराशि ली जा रही है।
शासन द्वारा प्रदेश के समस्त उप कृषि निदेशकों को निर्देशित किया गया है कि उपरोक्त साइट का अवलोकन करें ,जिसमें इस तरह का लिंक नेट पर दिख रहा है जिसमें कुछ कृषक भ्रमित हो करके इस साइट पर बुकिंग कर रहे हैं जिसमें उन्हें ट्रैक्टर देने का लालच दिया जा रहा है साथ ही एक क्यूआर कोड भी भेजा गया है जिस पर 5200 रुपए संबंधित संस्था द्वारा लिया जा रहा है। आदेश में कहा गया है कि समस्त अधिकारी अपने ग्रुप के माध्यम से कृषकों को इस संबंध में अवगत कराएं कि कृषि विभाग द्वारा ऐसी कोई साइट नही बनाई गई है जिसमें ट्रैक्टर की बुकिंग की जा रही है।

