व्यापारी दीप चंद गुप्ता ने दिखाई ईमानदारी की मिसाल, गिरे पर्स के साथ मिले 21 हजार रुपए को किया वापस
यूपी, बस्ती। जिले के विशेश्वरगंज बाजार के व्यवसाई दीप चंद गुप्ता की ईमानदारी की मिसाल लोगों में चर्चा का विषय बन गई है।
स्थानीय लोगों की माने तो विशेश्वरगंज बाजार में व्यवसाय करने वाले दीप चंद गुप्ता बेहद सरल और ईमानदार प्रकृति के सज्जन व्यक्ति है।
उन्हें करीब 1 माह पूर्व दीप एजेंसी के सामने एक पर्स गिरा दिखाई दिया। जिसमें 21020 रुपए और एक आधार कार्ड रखा मिला। उन्होंने आधार कार्ड के मुताबिक पत्राचार के माध्यम से खोजबीन की और वह रघुराज पुत्र राममिलन ग्राम खपराडीह फैजाबाद की पत्नी का आधार था।
उन्होंने रघुराज से संपर्क करते हुए उन्हें अपनी दुकान पर पर्स और रुपया लेने के लिए बुलाया और बताया कि एजेंसी के सामने आपका पर्स 1 माह पूर्व गिरा मिला था।
रघुराज पुत्र राममिलन ने फैजाबाद से अपने परिवार के सभी सदस्यों के साथ विशेश्वरगंज बाजार में दीप चंद गुप्ता के यहां पहुंचकर अपना पर्स और आधार कार्ड सहित नगद ₹21020 प्राप्त करते हुए व्यवसाई दीप चंद गुप्ता का आभार व्यक्त किया और बताया कि आज के परिवेश में आप जैसे ईमानदार और सरल व्यक्ति बिरले मिलते हैं।
विशेश्वरगंज कस्बे में भी दीपचंद की ईमानदारी के चर्चे आम हो रहे हैं और लोग उन्हें इस कार्य के लिए धन्यवाद देते दिखाई दिए।
