फर्जी अंक पत्र लगाकर नौकरी हथियाने का लगाया आरोप, कोर्ट के आदेश पर दुबौलिया थाने में केस दर्ज
(आनंदधर द्विवेदी)
बस्ती। न्यायालय के आदेश पर दुबौलिया पुलिस ने फर्जी अंक पत्र के सहारे नौकरी हथियाने के आरोप में दुबौलिया थाना क्षेत्र के माझा अखन पुर निवासी सुमन सिंह चौहान, उग्रसेन चौहान तथा सूर्य प्रताप के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित राम बदन द्वारा प्रार्थना पत्र देकर बताया गया था वर्ष 2005 में शिक्षामित्र के पद पर नियुक्ति हेतु ग्राम पंचायत द्वारा आवेदन मांगे गए थे जिसमें उसने भी आवेदन किया था पीड़ित ने बताया कि सूर्य प्रताप व उग्रसेन ने मिलकर वर्ष 2005 में प्राइमरी पाठशाला माझा अखनपुर से शिक्षामित्र नियुक्ति हेतु सुमन सिंह चौहान पत्नी उग्रसेन चौहान का आवेदन कराया और उसके साथ हाई स्कूल व इंटरमीडिएट का फर्जी अंक पत्र लगा दिया जिसके चलते उच्च मेरिट होने के चलते उनका चयन हो गया जबकि पीड़ित का चयन नहीं हो पाया, पीड़ित को जब इस बात की जानकारी हुई तो उसने दुबौलिया थाने पर कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन वहां से कोई सुनवाई नहीं हुई जिसके बाद पीड़ित में न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और न्यायालय के आदेश पर दुबौलिया पुलिस ने इन सभी के खिलाफ केस दर्ज किया है। दुबौलिया पुलिस द्वारा मामले की जांच - पड़ताल की जा रही है।

