कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव
(ज्ञानचंद्र द्विवेदी)
बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के ग्राम नेउरीगाडा कुसरौत में बीती रात अज्ञात कारणों से एक 24 वर्षीय युवक ने घर में छत से दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार पहले परिजनों ने जिंदा होने की उम्मीद में शव को नीचे उतार लिया था लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी । सूचना पाकर मौके पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से जांच किया तथा नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक नगर थाना क्षेत्र के ग्राम नेउरीगाडा कुसरौत निवासी 24 वर्षीय ध्रप पुत्र विनोद मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का खर्च चला रहे थे। उनके पिता विनोद की बहुत पहले ही बीमारी से मौत हो चुकी है । ध्रुव किसी तरह परिवार का खर्च चला रहा था, बीती रात लगभग 9:00 बजे वह शराब के नशे में घर आया और कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया । उस समय घर के लोग बाहर थे। काफी देर बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने खिड़की से अंदर देखा तो उसका शव छत के नीचे लगे दुपट्टे के सहारे लटक रहा था । यह देखकर परिजनों ने शोर मचाया जिससे आसपास के तमाम लोग जमा हो गए। परिजनों ने दरवाजा खोलकर पुलिस के आने से पहले ही जिंदा होने की आस में शव को नीचे उतार लिया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इसी बीच किसी ने इसकी सूचना नगर पुलिस को दे दी । सूचना पाकर थाना प्रभारी जनार्दन प्रसाद व फॉरेंसिक टीम भी वहां पहुंच गई । फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। और नमूने एकत्रित किया पुलिस ने परिजनों व गांव वालों के मौजूदगी में शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया है । थाना प्रभारी नगर जनार्दन प्रसाद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है ।
मृतक की मां मिश्री देवी ने बताया कि अक्सर नशे में ही रहता था । उसने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया यह किसी के समझ में नहीं आ रहा है।

