डीएम-एसपी ने यातायात नियमों का पालन करने हेतु किया प्रेरित
बस्ती। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता और पुलिस अधीक्षक श्री अभिनन्दन ने जीआईसी इंटर कॉलेज में आयोजित मानव श्रृंखला एवं सड़क सुरक्षा शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मानव श्रृंखला बनाकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाई। डीएम और एसपी ने उपस्थित जनसमूह को यातायात नियमों के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही, सभी को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और मोबाइल फोन का उपयोग न करने जैसे नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में परिवहन विभाग के साथ राजस्व, पुलिस और विद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना था।

