एक ही विद्यालय की चार छात्राओं का नवोदय में चयन, बडेरिया कुंवर प्राथमिक विद्यालय की बड़ी उपलब्धि

एक ही विद्यालय की चार छात्राओं का नवोदय में चयन,बडेरिया कुंवर प्राथमिक विद्यालय की बड़ी उपलब्धि



यूपी,बस्ती। विकास खंड हरैया अंतर्गत बडेरिया कुंवर प्राथमिक विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विद्यालय की चार छात्राओं का एक साथ जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में चयन हुआ है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बना हुआ है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ही सत्र में चार छात्राओं के चयन के साथ यह विद्यालय उत्तर प्रदेश का इकलौता विद्यालय बन गया है, जहां से इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने नवोदय प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की है।


चयनित छात्राओं में प्रीति मौर्य (पुत्री रामसूरत), अंजलि प्रजापति (पुत्री शिव कुमार), नव्या (पुत्री राजित राम) और खुशी (पुत्री राम इंद्र) शामिल हैं। सभी छात्राओं ने अपने शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन में यह सफलता प्राप्त की है।


विद्यालय की इस उपलब्धि में शिक्षिका आकांक्षा सिंह एवं सहायक अध्यापक अशोक कुमार वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

स्थानीय लोगों ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जहां परिषदीय विद्यालयों की गुणवत्ता पर अक्सर प्रश्न उठते हैं, वहीं इन शिक्षकों ने अपने समर्पण और मेहनत से उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।


शिक्षिका आकांक्षा सिंह ने बताया कि विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं पढ़ाई के प्रति गंभीर हैं और विद्यालय परिवार उन्हें बेहतर शैक्षिक वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहता है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन को दिया।

उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि इसके पूर्व भी शैक्षिक सत्र 2024-2025 में विद्यालय के छात्र अभिनव चौधरी ने पूरे जनपद में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त करते हुए नवोदय की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की थी।


इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अभिभावकों ने भी बच्चों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय के शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय, छात्राओं और शिक्षकों को बधाई देते हुए इसे अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।


इस अवसर पर इंचार्ज प्रधानाध्यापिका कालिंदी पांडेय, सहायक अध्यापक रामपाल,किरन शुक्ला, चंद्रिका प्रसाद, शिक्षामित्र महावीर सहित समस्त विद्यालय स्टाफ ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.